जून 2026

देशहिदायत     Posted: November 1, 2025

पहली बार जब बालक विद्यालय गया, तो माँ ने अध्यापक के संबंध में समझाया था, ‘‘अध्यापक गुरु होते हैं, माँ –बाप से भी बढ़कर। उनका पूरा सम्मान करना चाहिए।’’

‘‘गुरु क्यों होते हैं?’’ बालक ने जिज्ञासा की।

‘‘क्योंकि ये परिश्रम करके हम सबको पढ़ाते हैं। अच्छे गुण, अच्छी बातें सिखाते हैं। अच्छे उपदेश देते हैं। कोई गलत कार्य नहीं करते। अच्छे व्यवहार का आदर्श प्रस्तुत करते हैं।’

बालक उत्सुकतावश टकटकी बाँधे सुनता रहा, ‘‘अध्यापक बच्चों से बहुत प्यार करते हैं। आज उनसे आशीर्वाद लेना मत भूलना…।’’ चलते समय माँ ने हिदायत दी। मन में असीम जिज्ञासाएँ एवं बालसुलभ कौतूहल लिये बालक कक्षा में बैठ गया ।

कक्षा का समय आरंभ हो गया; किंतु अध्यापक महोदय का कहीं पता नहीं था। काफी समय बाद एक व्यक्ति चप्पलें घिसटते हुए कक्षा में आया और अध्यापक वाली कुर्सी में धँस गया।

शोर–शराबे का माहौल थम गया।

‘‘चलो बैठो….।’’ अध्यापक ने मेज पर अपने पैर फैला लिये।

‘‘चल, ओ लड़के, निकाल किताब…..। इधर खड़े होकर ‘सूरज उगता’ वाला पाठ पढ़….।’’ सहमा हुआ बालक उठा और एक ओर जाकर दबे स्वर में पाठ पढ़ने लगा–‘‘सूरज उगता, चिड़ियाँ बोलीं…।’’

‘‘अबे, रुक क्यों गया….?’’ अचानक वह गरजे ।

‘‘मास्टर जी, पाठ समाप्त….।’’ बालक का स्वर काँप गया।

‘‘तो पहाड़ा याद करा इन्हें….।’’

‘‘जी मास्साब….।’’

‘‘दो इकम, दो दूनी चार….।’’

पूरी कक्षा का स्वर उससे जुड़ गया।

अध्यापक महोदय ने आँखें पूरी तरह बंद कर लीं और कहीं खो–से गए। कुछ समय बाद छुट्टी की घंटी टनटनाई। शोर–शराबे के बीच अध्यापक एवं विद्यार्थी गण बाहर निकल पड़े। बालक को अचानक माँ की हिदायत याद आई । उसने तेजी से जाकर उस बालक के पाँव छू लिये, जो पाठ पढ़ा रहा था।

-0-

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine