जून 2026

देशआग     Posted: January 1, 2025

मार्निंग कान्फ्रेंस से निपटकर हाकिम हुक्काम चाय कॉफी की चुस्कियाँ ले चुके थे। जितनी देर इनकी कांन्फ्रेंस चलती, मातहत इधर उधर घूम टहल लेते। एक दूसरे की राजी- खुशी भी जानने का सबसे मुफीद समय। इनके वैचारिक विनिमय को गप्प सड़ाका कहने की परंपरा अभी तक ज्यों की त्यों चली आ रही थी। सतपाल चपरासी ने साहब को राम राम कही, बैग पकड़ा और दिन भर के लिए आश्वस्त हो गया कि साहब की किरपा बनी रहैगी। कभी कभार साहब राम राम का जवाब दे देते थे और जिस दिन ‘हाउ इज इवरी थिंग?’ तो सतपाल की बाँछें खिल जातीं। दोपहर एक बजे का समय। ‘फायर फायर फायर।’ सतपाल दौड़ा।
“साहब आग..‌।”
“हाँ देख रहा हूं।”
आग सार्ट सर्किट से लगी थी। कहाँ किसको याद रहता है कि कौन सी मशीन से झाग निकलेगा, किसमें बालू है, और कौन सी से पानी। जिसको जो समझ आया, सब आग बुझाने लगे। सतपाल को तो आग लगने पर पानी डालने आता था, सो डाल दिया बाल्टी भर पानी। छटपटाया और..!
दमकल की गाड़ियाँ पहुँची अपने सिस्टम के अनुसार। बची खुची आग शांत हो रही थी। फोटोबाजी और प्रेस रिलीज।
“कॉफी ठंडी हो गई सतपाल। दूसरी लाओ। ये स्सा..आग।”
सतपाल के परिजन सुबह का इंतजार कर रहे थे; क्योंकि रात में आग नहीं दी जाती।

-0-

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine