जून 2026

संचयनचोर     Posted: November 1, 2024

चौथा पुरस्कार

     मस्ज़िद से निकलते ही उसकी नज़र आसमान में लहराती हुई कटी पतंग पर पड़ी. ट्रैफिक और भीड़ से बेपरवाह वह दौड़ पड़ा. निगाह पतंग पर अटकी थी. पतंग ने लंबा गोता खाया और एक आँगन में जा गिरी. आँगन…आँगन तो पड़ोस का था किंतु वह ठिठक गया.  डरते हुए सोच रहा था कि वह पतंग उठाए या नहीं. उहापोह.  कटी हुई पतंग हाथ में न हो तो भला मज़ा कैसा. पसोपेश में पड़ा वह गेट पर खड़ा था. हथेलियाँ पसीजी जा रहीं थी. होंठ शुष्क हो रहे थे. ललचाई आँखें पतंग पर गड़ी थीं. आँगन पहले सिर्फ़ आँगन था. परंतु अब वहाँ तो…दूसरे ही लोग आ गए थे. पहले वह बेधड़क उठा लाता था. गेंद, पतंग और आँगन में पड़े अमरूद. लेकिन अब… .
        हिम्मत करके वह दबे पाँव आँगन में घुसा. और पतंग उठाते ही सरपट भागा. लेकिन गली के कोने पर जाकर वह फिर ठिठक गया. सामने से एक जुलूस नारे लगाता हुआ गुज़र रहा था. उसका दिल ज़ोर से धड़कने लगा. भय आँखों में तैर गया. उसने घबराकर झट से अपने सिर की टोपी उतार ली और दीवार की ओट में छिप गया. पता नहीं उसे क्यों लग रहा था कि उसने चोरी की है?
-शिवचरण सरोहा,संपर्क- ए- 107, शकूरपुर आनंद वास, दिल्ली-110034
email – sarohashivcharan@Gmail.com

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine