जून 2026

पाठकीयश्रमजीवी वर्ग की व्यथा-कथा     Posted: November 1, 2024

साहित्य समाज का आइना होता है और कई बार यह आइना हमें वह चेहरे दिखाता है, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं या जो हमारी चेतना में नहीं होते। सुरेश सौरभ द्वारा संपादित लघुकथा संग्रह ‘घरों को ढोते लोग’ समाज के उन तबकों पर केंद्रित है, जो हमारे दैनिक जीवन को सुचारू रूप से चलाते हैं, लेकिन जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। यह संग्रह 65 लघुकथाकारों द्वारा लिखी गई 71 लघुकथाओं का बेहतरीन गुलदस्ता है, जिसमें प्रत्येक लघुकथाकार ने अपने अनूठे नजरिए से मजदूरों, किसानों, मेहनतकशों व कामवाली बाइयों के जीवन के विभिन्न पहलुओं को मार्मिक ढंग से उजागर किया है। इन लघुकथाओं में रोजमर्रा के संघर्षों, आर्थिक चुनौतियों, सामाजिक असमानता और मानवीय संवेदनाओं को बहुत ही बारीकी से दर्शाया गया है।

रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’ की लघुकथा ‘जहर’ एक रिक्शाचालक के जीवन की विडंबनाओं को दर्शाती है कि समाज का ढाँचा किस प्रकार किसी व्यक्ति को कभी-कभी अपराध की ओर धकेल देता है। मुख्य पात्र ‘सईद’ अपने बीमार बच्चे के लिए दवा खरीदने की मजबूरी में अपने मालिक से भिड़ जाता है, जो उसकी मजबूरी का फायदा उठाना चाहता है। मार्टिन जॉन की लघुकथा ‘घरों को ढोते लोग’ (जिसे पुस्तक का शीर्षक बनाया गया है) एक छोटी बच्ची के मार्फत से मजदूरों के जीवन की कठोर वास्तविकता को, सच्चाई को प्रस्तुत करती है। पुस्तक में शामिल लघुकथाएं भारतीय समाज में व्याप्त आर्थिक असमानता और सामाजिक भेदभाव को स्पष्ट रूप से उजागर करने में सफल रही हैं।

डॉ. प्रदीप उपाध्याय की लघुकथा ‘बस इतनी गारंटी’ खेतिहर मजदूरों की समस्याओं को प्रकट करती है। शराफत अली खान की लघुकथा ‘कमाई’ समाज में व्याप्त असमानता और विडंबनाओं को दर्शाती है तथा नैतिक मूल्यों के क्षरण की ओर भी इशारा करती है। नीरू मित्तल ‘नीर’ की लघुकथा ‘एक मां की मजबूरी’ गरीब वर्ग की महिलाओं की स्थिति को उजागर करती है। यह लघुकथा बताती है कि गरीबी और अशिक्षा किस तरह युवा लड़कियों के भविष्य को प्रभावित कर सकती है। यह न केवल बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों की ओर इशारा करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे गरीबी महिलाओं को अपने बच्चों के भविष्य के बारे में कठोर निर्णय लेने के लिए मजबूर कर देती है।

पुस्तक में केवल निराशा और दुख की ही कहानी नहीं है, कई लघुकथाओं में गहरी मानवीय संवेदना और आशावाद की झलक भी दिखाई देती हैं। डॉ. अलका अग्रवाल की लघुकथा ‘चरैवेति, चरैवेति’ एक रिक्शाचालक की जीवंतता और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाती है। संतोष सुपेकर की लघुकथा ‘मजबूर और मजबूत’ श्रमिक वर्ग की अदम्य इच्छाशक्ति को दर्शाती है। सेवा सदन प्रसाद की लघुकथा ‘भूख’ कोरोना महामारी के दौरान मजदूरों की दुर्दशा को चित्रित करती है। कैसे भूख और बेरोजगारी लोगों को जोखिम भरे निर्णय लेने पर मजबूर कर सकती है। आपदा के समय में समाज के सबसे कमजोर वर्ग को सबसे अधिक कष्ट झेलना पड़ता है, भूख लघुकथा से पता चलता है।

सुकेश साहनी, योगराज प्रभाकर, मनोरमा पंत, अविनाश अग्निहोत्री, बलराम अग्रवाल, डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी, नीना मंदिलवार, आलोक चोपड़ा, प्रो. रणजोध सिंह, डॉ. मिथिलेश दीक्षित, कल्पना भट्ट, अरविंद सोनकर, रश्मि लहर, गुलज़ार हुसैन, रशीद गौरी आदि लघुकथाकारों ने अपनी बेहतरीन लघुकथाओं से संग्रह को पठनीय और संग्रहणीय बनाया है। वरिष्ठ कथाकार सुधा जुगरान ने संग्रह में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका जोड़कर संग्रह को साहित्यिक हलकों में विमर्श का हिस्सा बना दिया है।

संग्रह की भाषा सरल और प्रभावशाली है, जो इसे व्यापक पाठक वर्ग के लिए सुलभ बनाती है। लेखक जटिल सामाजिक-आर्थिक मुद्दों को सरल कथाओं के माध्यम से प्रस्तुत करने में सफल रहे हैं। लघुकथाएं संग्रह के विषय से अनुकूल और सार्थक हैं। यह न केवल पठनीय है, बल्कि समाज के प्रति हमारी समझ को, संवेदना को गहरा और विस्तृत करने में भी सहायक सिद्ध होगा। संपादक ने इन लघुकथाओं को एक साथ संकलित करके महत्त्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने समाज के एक ऐसे वर्ग की आवाज को मुखर किया है, जो अक्सर साहित्य में उपेक्षित रह जाती है। लिहाजा यह एक ऐसी कृति है जो न केवल पढ़ी जानी चाहिए, बल्कि जिस पर गंभीरता से विचार और मंथन किया जाना चाहिए।

पुस्तक: घरों को ढोते लोग (साझा लघुकथा- संग्रह)-संपादक: सुरेश सौरभ<मूल्य: ₹245 (पेपरबैक)
प्रकाशन: समृद्ध पब्लिकेशन शाहदरा, दिल्ली
प्रकाशन वर्ष: 2024

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine