11 मई, 2015
आज मेरी परीक्षा का नतीजा आया है। मैं पूरे प्रदेश में प्रथम आया हूँ। लेकिन
आज भी मिठाई न खा सका। हमारे हालात बहुत तग है न…!
15 मई, 2015
आज मुझसे मिलने कुछ पत्रकार आए थे। मेरा इन्टरव्यू लेने, लेकिन…हम
उन्हें सिर्फ पानी ही पिला सके। हमारे हालात बहुत तंग हैं न…!
26 मई, 2015
आज मुझसे मिलने मेयर साहब और कलेक्टर साहब आए थे; लेकिन हम
उन्हें चाय भी न पिला सके। हमारे हालात बहुत तंग हैं न…!
14 जून, 2015
आज कुछ अनजान लोग मिलने आए थे। कह रहे थे कि यदि मैं उनके साथ
जाता हूँ , तो बहुत पैसा देंगे। हमारे हालात बहुत तंग हैं न…इसलिए।
28 जून, 2015
आखिर आज मैंने घरवालों को मना ही लिया। कल मैं उन लोगों के साथ
जाने वाला हूँ। अब हमारे हालात तंग नहीं रहेंगे।
30 जून, 2015
आज मैं उन अनजान लोगों के साथ हूँ। मेरे घर पैसा पहुँच गया होगा; लेकिन
आज इन्होंने मेरे हाथों में जो पकड़ाया है…!
11 सितम्बर, 2015
हमारे घर से अब एक सदस्य हमेशा के लिए कम हो जाएगा। हमारे
हालात…बहुत तंग जो थे।
-0-