जून 2026

देशस्वार्थी     Posted: August 1, 2024

धान की फसल सँभालने के बाद अरजन सिंह ने आढ़ती बिशेशर मल को आकर ‘‘फतह’’ बुलाई। बिशेशर मल ने अरजन सिंह को ‘‘जी आया’’ कहते अपने नौकर को पानी पिलाने का इशारा किया। इस से पहले कि अरजन सिंह कोई बात छेड़ता, आढती शिकवे भरे अंदाज में बोला, ‘‘देख ले माऊ इस बार भी तेरे भतीजे ने दूसरी आढ़त पर धान डाला है। यह कोई अच्छी बात तो नहीं सरदार जी, आपके कारण ही उसका लिहाज कर रहा हूँ, पिछला हिसाब–किताब अभी बाकी है…।’’

‘‘कोई ना शाह जी, आ जाएँगे पैसे परसों तक, उसे सारे पैसे मिल गए हैं फसल के। मेरा हिसाब–किताब बनाया? घरवाली जिद्द करके बैठी है कि बेटी को बिदा करते समय थोड़ा–बहुत बनवाके देना है।’’

‘‘ये लो पर्ची, हिसाब बना दिया है। पिछला लेन–देन और ब्याज डालकर जो बचता है मुझसे ले लो।’’

अरजन सिंह ने सरसरी -सी नज़र पर्ची पर डाली तो चेहरे पर रौनक आ गई। उसे इतने पैसे बचने की उम्मीद नहीं थी।

‘‘सेठजी, ये लो पर्ची, पाँच हजार दो अभी और बाकी हफ्ते- दस दिन में कर देना। लेन–देन करके चिन्तामुक्त हों।’’

‘‘ये लो पाँच हजार और बाकी के पैसों की तारीख लिख दी है। तीन महीनों के करीब…।’’

‘‘तारीख…कैसी तारीख! देने वालों को टालता आ रहा हूँ कि धान की फसल पर निपटाएँगे। फिर घर का खर्च भी इसी से चलाना है और आप तीन महीने की तारीख दे रहे हो।’’

‘‘इतनी जल्दी तो मुश्किल है फिर…।’’

‘‘सोच लो शाह जी, रणजीत आढ़ती पहले ही भुगतान करने को कह रहे हैं और फसल की बचती राशि महीने में देने का इकरार। देरी पर ब्याज भी देंगे। बाकी आप समझदार हो, कहीं भतीजे की तरह उसी आढ़त पर….।

अरजन सिंह के चेहरे पर फैली दृढ़ता देख बिशेशर मल्ल तिलमिलाया। आपने पिता के शब्द की जमींदारों के सिर पर ठाठ–बाट हैं, इन्हें हर हालत में खुश रखने पर ही इज्जत कायम रहती है, उसके कानों में गूँजे। हँसते हुए बोला, ‘‘सरदार जी, हमने कोई पैसों से रिश्ता रखना है….पन्द्रह दिन में अपना बकाया ले जाना और कनक बीजने के लिए बोरे चाहिए, वह भी हिसाब अगली फसल पर कर लेंगे।’’

अरजन सिंह ने पाँच हजार की गट्ठी नीचे वाली जेब में डाली और पन्द्रह दिनों का वायदा ले, मुस्कराता हुआ, दुकान से बाहर आ गया।

(अनु–श्याम सुन्दर ‘दीप्ति’)

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine