जून 2026

देशरंगोली व दिये की चमक     Posted: April 1, 2022

सीमा जैन

बहु मंजिला अपार्टमेंट में नीचे के फ्लैट में रहने वाली आंटी से रिश्ता बहुत पुराना था। कभी-कभी छोटी बातों के अजगर भी पुराने बड़े रिश्तों को निगल जाते हैं। गाड़ी की पार्किंग, गमलों का पानी, सफाई करने वाली उमा की लापरवाहियों ने हमारे रिश्ते को खट्टा कर दिया। करीब दो महीने हो गए, हम दोनों की तरफ से सुलह की कोशिश भी नहीं हुई। आजकल आंटी घर में नहीं दिखती है। चौकीदार से पूछा, तो उन्होंने कहा- “अंकल अस्पताल में भर्ती हैं।” सुनकर मन बहुत दुखी हुआ।

अब चौकीदार को ये सब नहीं पता था कि क्या हुआ? कौन उनका साथ दे रहा है? पर मुझे उन दोनों की चिंता होने लगी। दोनों बच्चे बाहर हैं। अब ये त्योहार का समय है, वह भी दीपावली का! तो आधे लोगों के पास तो यह बहाना ही काफी होगा कि व्यस्तता के चलते वे सहायता न कर पाए।

शाम के समय मैं अपने घर में  रंगोली बनाकर दिए सजा रही थी। सोचा -जैसे हमेशा आंटी के घर में भी बनाती थी, आज भी बनाकर आती हूँ।  इस समय उनसे अपना प्यार जताने के सिवाय कोई और रास्ता समझ भी नहीं आया। एकदम फोन लगाने की हिम्मत नहीं हुई। पता नहीं, उनको कैसा लगे? परेशान की परेशानी बढ़ाना भी ठीक नहीं।

उनके सूने, ताला लगे दरवाजे पर रंगोली बना कर दिये रख रही थी कि लगा पीछे कोई खड़ा है। मुड़कर देखा- आंटी खड़ी थी। हाथ में थैले, चेहरे पर थकान पर आँखों में वह सब, जो मुझे उनकी बाहों में समा जाने को बुला रहा था।

रंगोली और दिए बातें कर रहे थे। हमारी दोस्ती की सफल पहल से वे दोनों चमक उठे। हम दोनों के तो बस आँसू ही बोल पाए।

-0-

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine