सितम्बर 2026

देशमजदूर     Posted: November 1, 2025


डिपार्टमेंट में वह छह ही काम करते थे । सुबह आठ बजे से शाम पाँच बजे तक । एक से दो के बीच लंच टाइम होता था जिसमें वह खाना खाकर आराम भी कर लेते थे और हँसी- मजाक भी । अपने काम को भी वह मिल बाँटकर कर लेते थे और बीच-बीच में हंसी -ठिठोली भी कर लेते थे परन्तु भीतर से सब उदास ही होते थे। यह बात अलग थी कि वह चेहरे पर परेशानी झलकने नहीं देते थे। रोज की तरह आज भी कंता  कंटीन में जा कर  बारह रोटियों के साथ दाल प्लास्टिक के मगे मे  ढलवाकर ले आया है । और भजन (हरभजन) ठण्ठे पानी का जग भर लाया है । सब हाथ धोकर खाना खाने लगे कुलवंत ने बाशे ( सुभाष) को कहा- “आज यार वह गाना सुना दे …मन बहुत उदास है।”
‌”  कौन सा …”
“वहीं पिंजरे के पंछी रे तेरा दर्द न जाने कोय “
“अच्छा पहले यह रोटी खा लो ।”
और सुबह से तन्दूर में बनी सूख गई रोटियों को पतली दाल में भीगोकर सब  मजे से खाने लगे। रोटी खाकर  वहीं फर्श पर लेट गए ।
“सुना दे भाई वहीं गाना ..”
बाशा दीवार का सहारा ले कर  गाने लगा। सब ख़ामोश हो गए । कुलवंत न जाने क्यों अपने को रोक नहीं सका। वह भी उस गाने के शब्दों को बन्द आवाज में भीतर ही भीतर गा रहा है। एक खामोशी है। कोई छत को देखते हुए … कोई दरवाजे के बाहर देखते हुए… कोई आँख बंद करके उन शब्दों को जीने का प्रयास कर रहा है। लगता था वह सब उसी को जी रहे हो … और जैसे ही गाना खत्म हुआ …बाशा अपनी कमीज से ही आँखें पोंछने लगा क्योंकि गाते- गाते उसकी आवाज भारी हो गई थी और आँखें भर आईं थी सभी ने ताली बजाकर बाशे का उत्साह बढ़ाया ।
“हमारी जिंदगी भी तो उस पिंजरे के पंछी की तरह ही तो है । हाँ हम सब पिंजरे में कैद है ।”
‘‘अरे चलो उठो दो बज गए हैं । अभी बहुत काम बाकी है।’’ देखते ही देखते वह सब सामान्य होने लगे और अपने को हँसाते हुए काम में जुट गए। वह मजदूर जो थे। दूसरे शब्दों में कहें तो मजबूर जो थे।
-0-रमेश कुमार संतोष, सम्पर्क 9876750370

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine