जून 2026

देशबदला     Posted: July 1, 2025


आज दो दशक बाद वह इस कब्रिस्तान में आया था।ऐसा नहीं था कि पिछले दो दशक में वह किसी को मिट्टी देने नहीं गया पर दो दशक में बहुत कुछ बदल गया। उसका घर, उसका रोजगार,उसका सामाजिक स्टेटस। पुराना कब्रिस्तान अब गरीबों के मोहल्ले के मुर्दों का पनाहगाह था। अब वह गरीबों के मोहल्ले में नहीं रहता था और न ही किसी गरीब से उसका जाती राब्ता रहा था। जब गरीबों से राब्ता नहीं तो गरीबों के कब्रिस्तान में जाने का सवाल ही नहीं पैदा होता था।

पर आज उसे जरूरत खींच लाई थी। उसने वक्त का अंदाजा लगाया कि अँधेरा हो चुका है , अब सब जा चुके होंगे। ये सोचकर वह कब्रिस्तान के पास पहुँचा। 

गेट से अंदर घुसा तो एक गेट से लगा एक छोटा- सा कमरा और बरामदा था। लाइट न होने की वजह से बरामदे में नीम अँधेरा था। वह अंदर तो आ गया था मगर समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करे। उसे न तो इस्लामिक रीति रिवाज की रवायतें पता थीं और न ही सलीका। आगे क्या करना है? ऐसा कुछ सोचने वाला था कि सामने से अली जरार आता दिखा।

अली जरार को आते देख उसे थोड़ी घबराहट हुई। वह यहाँ कोई बवाल या बखेड़ा नहीं चाहता था। उसे थोड़ी घबराहट हुई, सो वह अँधेरे में हो लिया कि अली जरार चला जाए, तो वह सोचे कि आगे क्या करना है ?

वह अँधेरे में दुबका रहा और अली जरार चला गया। जब उसे इत्मीनान हो गया कि अली जरार दूर निकल गया होगा, तो वह उजाले में आकर सोचने लगा कि अब क्या करना है?

“यहां कैसे आप? बड़े आदमी और कट्टर हिन्दू गरीब मुसलमानों के कब्रिस्तान में?” पीछे से एक आवाज आई।

उसने घूमकर देखा, तो अली जरार खड़ा था।

“शबीहा को मिट्टी देने आए हैं। मरने से पहले भी नहीं आए और मरने के बाद भी बड़ी देर कर दी आपने आते- आते,” अली जरार ने तंज भरे स्वर में कहा।

“नहीं वो मैं ,वो मैं जरा इधर से,” वह बोलते हुए गड़बड़ा गया।

“उसी से मिलने आए हैं ना, वरना रात के अँधेरे में इन गरीबों के कब्रिस्तान में आना आपके स्टैंडर्ड के खिलाफ है। शबीहा आपका जाती मामला थी; इसीलिए आप आए हैं। वरना यूँ छुपकर चोरों की तरह नहीं आते। अव्वल तो किसी मुसलमान की मौत पर आपको कोई गम नहीं होता, अलबत्ता खुशी होती है; दुनिया को दिखाने के लिए अगर मातमपुर्सी करनी जरूरी है, तो आपका ड्राइवर फूल लेकर आता, आप नहीं; शबीहा उसकी तो बात ही और थी,” अली जरार ने फिर तंज भरे लहजे में कहा।

“तुम गलत  समझ रहे हो।  मेरा मतलब है कि आपको गलतफहमी हुई है। मैं तो यहाँ ऐसे ही इंसानियत के नाते” ये कहते हुए उसके मुंह से आगे के बोल ही न फूटे।

उसे कुछ और नहीं सूझा तो उसने सर झुका लिया ।

थोड़ी देर यूँ ही बीत गई ।

अली जरार ने उसका हाथ पकड़ा और आगे आगे चल पड़ा। कब्रिस्तान के आखिरी छोर पर ले जाकर एक कब्र के सामने उसने थोड़ी सी मिट्टी उठाई और उसके हाथों में रख दी।

अली जरार ने हाथ उठाकर फातिहा पढ़ना  शुरू कर दिया। उसने अली जरार की  तरह हाथ तो उठा तो  लिये; मगर वो कौन- सी चीज  पढ़ रहा था, जब ये जान नहीं पाया तो कब्र के सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो गया।

फातिहा खत्म हुआ, तो अली जरार ने इशारा किया। उसके इशारा करने पर उसने हाथ में ली हुई मिट्टी शबीहा की कब्र पर चढ़ा दी और उसे अपने तरीके से अंतिम प्रणाम करके मुड़ गया।

इस बार वह तेज कदमों से आगे चल रहा था; क्योंकि वह नहीं चाहता था कि अली जरार ये देख सके कि उसकी पत्नी की मौत पर किसी गैर की आँखों से आँसू बह रहे थे। 

गेट पर पहुंचने के बाद उसने अली जरार को अलविदा कहने की सोची।अब तक उसके आँसू सूख चुके थे।  घूमकर उसने अली जरार से  हाथ जोड़कर कुछ कहना चाहा,  तो अली जरार ने उसका  हाथ पकड़ लिया। उसकी आँखें आँसुओं से डबडबा गईं। वह धीरे से बोला –“आपने मेरी हँसती खेलती ज़िंदगी तबाह कर दी राय साहब। आपने सबीहा को अपने इश्क के जाल में इसलिए फाँसा कि आप मुसलमानों से बदला ले सकें। आपके घर की लड़की को कभी कोई मुसलमान भगा ले गया था तो उस बात का बदला लेने के लिए आपको मेरा ही घर और मेरी ही बीवी मिली थी। किसका बदला किस से लिया आपने ? जानते हैं वह कैंसर से नहीं मरी बल्कि आपके किसी छल की वजह से वह जीना नहीं चाहती थी ।”

उसने मन ही मन गुणा भाग किया और इस नतीजे पर पहुंचा कि इस वक्त  अली जरार को दी गई किसी भी किस्म की सफाई उसके खिलाफ ही जाएगी।

उसने धीरे से अली जरार से अपना हाथ छुड़ा  लिया। उसने अली जरार  कंधे पर  सांत्वना देने के लिए हाथ रखा और फिर उससे विदा लेकर चल पड़ा ।

अपनी गाड़ी में आकर बैठने के बाद वह जी भर के रोया। आंखे बंद कर लीं तो ऐसा लगा कि मानो  शबीहा उसके सीने के बालों को सहलाते हुए वही बात बोली जिस बात पर उसे  काफी एतराज हुआ करता था।

शबीहा कहती थी- “राय ये बताओ यार, मुसलमानों से इतनी नफरत रखने के बावजूद तुम मुझसे इतनी मोहब्बत कर कैसे लेते हो?”

उसने पीछे मुड़कर देखा, तो अली जरार उसकी गाड़ी के पीछे दूर खड़ा उसे असमंजस से देख रहा था।

अब यह बात वह शबीहा को भी नहीं समझा पाया था, तो अली जरार को कैसे समझाता कि वह किसी का बदला नहीं ले रहा था; बल्कि वह तो खुद बदल चुका था।

-0-

गतिविधियाँ

  • सम्पर्क:-

    सुकेश साहनी

    185,उत्सव,महानगर पार्ट–2
    बरेली–243122 (उ.प्र.)


    sahnisukesh@gmail.com

    रामेश्वर काम्बोज ´हिमांशु´

    रचनाएँ भेजने के लिए ई-मेल-:-

    laghukatha89@gmail.com

    विशेष सूचना-:-

    पूर्व अनुमति के बिना लघुकथा डॉट कॉंम की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकता ।

    केवल स्वीकृत रचनाओं की ही सूचना दी जाती है।

    -सम्पादक द्वय

Design by TemplateWorld and brought to you by SmashingMagazine