पुष्पा और कन्तो सहेलियाँ थीं. दोनों के परिवारों में इस समय घनघोर दुश्मनी ठनी थी। फूल तोड़ने पर बच्चों के झगड़े से उठा विवाद मर्दों की हाथापाई तक पहुँच गया था। फिलहाल मामला शांत था पर अबोला और शीतयुद्ध जारी था। किसी की गाय दूसरे की जमीन पर खुर भर रख दे तो बवाल। किसी का कूड़ा दूसरे के कूड़ेदान से छू भर जाए तो बवाल। यहाँ तक कि अलगनी पर फैली, किसी की साड़ी अगर हवा से उड़कर दूसरे की छत पर चली जाए तो भी स्थिति नाज़ुक हो जाती।
दो साल पहले तक मेल था. पुष्पा ने एक सुग्गा पाला. सुग्गा क्या था, लोंदा था वो. कन्तो ने उस लोंदे को सींक से आटा खिला कर जिआया. एक-एक शब्द पचासों बार बोल कर रटाये. सीता-राम, राधे-श्याम से लेकर सबका नाम रटने वाले सुग्गा राजा, कन्तो को बड़े स्टाइल से पुकारते- “ए कन्तो!”
तो कन्तो हँसकर पूछती।- “बोलो ससुरजी?”
सारा दिन यही खेल चलता. हर कोई कन्तो और “ससुरजी” से मौज लेता, पर अब स्थितियां भिन्न थीं।
एक दिन सुग्गे राजा को खाना देते वक्त पुष्पा की गलती से पिंजरा खुला रहा गया। सुग्गे राजा फुर्र! पर उससे भी बड़ा संकट यह था की सुग्गे राजा उड़कर कन्तो की छत पर जा बैठे और बैठते ही कहा- “ए कन्तो!”
कन्तो छत पर ही खडी थी. पुष्पा समझ गई कि आज बवाल पक्का है।
सुग्गे राजा ने फिर बुलायाइ- “ए कन्तो!”
कन्तो ने जवाब नहीं दिया।
“ए कन्तो!” “ए कन्तो!” “ए कन्तो!” की रट लग गई।
तंग आकर कन्तो बोल पड़ी- “हाँ बोलो ससुरजी!”
यह कहना था कि कन्तो और पुष्पा दोनों की ज़ोरों की हँसी फूट पड़ी।
“ससुरजी” उड़ चले आसमान में, दोनों परिवारों का वैमनस्य अपने साथ लेकर।
-0-